सड़क हादसों का कारण बन रहे हाईवे किनारे खड़े वाहन
स्कूटी पर पत्नी और बेटी के साथ घर लौट रहे थे रायपुर के मनु सहोड़
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। मैहतपुर मुख्य बाजार और शहीद कैप्टन अमोल कालिया प्रवेशद्वार के साथ लगते पंजाब क्षेत्र के कलसेहड़ा में हाईवे किनारे खड़े वाहन हादसों का कारण बन रहे हैं। शनिवार देर शाम रायपुर सहोड़ा निवासी मनु सहोड़ सड़क किनारे खड़े एक वाहन की वजह से हादसे में बुरी तरह से घायल हो गए। वह स्कूटी पर अपनी पत्नी और बेटी के साथ घर लौट रहे थे। कलसेहड़ा गेट के पास नंगल की ओर से मैहतपुर की तरफ आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने स्कूटी सवार मनु सहोड़ और उनकी पत्नी बिंदु और बेटी इशानिया को चपेट में ले लिया और काफी दूर तक घसीटते ले गया। सड़क हादसे में घायल मनु सहोड़ ने बताया कि सड़क किनारे पर ट्रैक्टर ट्राली और एक कार खड़ी थी, जिस कारण उन्हें सड़क की साइड की तरफ चलने के लिए जगह ही नहीं थी। इसी कारण अज्ञात ट्रैक्टर चालक उन्हें ओवरटेक करते हुए घसीटते हुए ले गया। हादसे में उनकी पत्नी बिंदु के सिर और बेटी की टांगों में चोटें आई हैं। जिप के पूर्व सदस्य पंकज सहोड़ ने कहा कि हाईवे किनारे खड़े रहने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है। आए दिन यहां सड़क हादसे हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक ओवरटेक करके नंगल से मैहतपुर की ओर जा रहे ट्रैक्टर के साथ चालक ने ट्रॉली तथा गेहूं काटने की मशीन जोड़ रखी थी, जिस कारण ओवरटेक करते समय स्कूटी सवार को रौंदते हुए निकल गया। इसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि हादसे की जगह पंजाब क्षेत्र में है, लिहाजा पंजाब पुलिस को एक्शन लेना चाहिए।