दौलतपुर चौक (ऊना)। सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने दौलतपुर-गगरेट मुख्य सड़क पर चलेट स्थित काजवे को भारी नुकसान पहुंचाया है। तेज बारिश के साथ आए पानी के बहाव से काजवे पर बनी सड़क का एक हिस्सा बुरी तरह उखड़ गया, जिससे सड़क के नीचे बिछाई गए पाइप बाहर निकल आए हैं। कई स्थानों पर सड़क किनारे की मिट्टी और निर्माण सामग्री भी बह गई है।
सड़क क्षतिग्रस्त होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द इसकी मरम्मत नहीं की गई और दोबारा तेज बारिश हुई तो सड़क को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है तथा दौलतपुर-गगरेट मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति भी पैदा हो सकती है।
क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि चलेट काजवे का तुरंत निरीक्षण करवाकर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की जाए। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजीव धीमान का कहना है कि समस्या ध्यान में है। जल्द ही समय रहते उचित कदम उठाए जाएंगे।