ऊना। शहर की वेंडर मार्केट में शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। करीब 11 लाख रुपये की लागत से यहां शौचालयों का निर्माण करवाया जाएगा। यह कार्य वेंडर मार्केट की विस्तार योजना के तहत किया जाएगा। इसके बनने से मार्केट में कारोबार करने वाले रेहड़ी-फड़ी संचालकों के साथ खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
शहर में रेहड़ी-फड़ी संचालकों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से वेंडर मार्केट विकसित की गई है। यहां कुल 81 दुकानें बनाई गई हैं। इन दुकानों में कारोबार करने वाले दुकानदारों और मार्केट में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को शौचालय की सुविधा नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर लंबे समय तक मार्केट में रहने वाले दुकानदारों के लिए यह समस्या बनी हुई है। दुकानदारों ने नगर निगम प्रबंधन से शौचालयों का निर्माण करने की मांग उठाई थी। इस पर अब निगम ने कार्य करना शुरू कर दिया है। करीब 11 लाख रुपये का बजट शौचालयों के निर्माण पर खर्च किया जाएगा। निगम की ओर से इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मार्केट में आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। बता दें कि नगर निगम की तरफ से बनाई गई वेंडर मार्केट में काफी कम संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम वेंडर मार्केट में सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रहा है।
विस्तार योजना के तहत होगा निर्माण
नगर निगम आयुक्त पृथी पाल सिंह ने बताया कि वेंडर मार्केट में शौचालयों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्य पर करीब 11 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वेंडर मार्केट की विस्तार योजना के तहत शौचालय बनाए जाएंगे जिससे दुकानदारों और यहां आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।