लोगों को करना पड़ता है दिक्कतों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
मुबारिकपुर (ऊना)। भरवाईं–देहरा सड़क पर बाजार से लगभग 200 मीटर की दूरी पर जनता की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय शाम ढलते ही अंधेरे में गुम हो जाते हैं। इनके आसपास की लाइटें बंद रहती हैं। सड़क किनारे लगाए गए स्ट्रीट लाइट पोल मौजूद हैं, लेकिन लंबे समय से उनमें बल्ब या ट्यूब ही नहीं है। चिंतपूर्णी मंदिर न्यास की ओर से लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए ये शौचालय अब शाम के समय सुविधा की जगह असुविधा बनकर रह जाते हैं। परिसर के भीतर भी लाइट की व्यवस्था की गई थी, मगर उसे जलाने की जिम्मेदारी तय न होने के कारण यह काम भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। चिंतपूर्णी आने और कांगड़ा जाने वाली श्रद्धालुओं की बसें अक्सर यहां रुकती हैं। ऐसे में आमजन की समस्या और बढ़ जाती है। बीते दिन शाम को फगवाड़ा से आए श्रद्धालुओं की एक गाड़ी यहां शौचालय के उपयोग के लिए रुकी, लेकिन अंधेरे के कारण उन्हें भारी असुविधा झेलनी पड़ी। श्रद्धालु दीप सिंह, गुरवचन गिल, जसविंदर आदि ने मंदिर प्रशासन व जिला उपायुक्त से मांग की है कि शौचालयों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं व आमजन को राहत मिल सके।