माधो के टिल्ले पर 20 शौचालयों का कार्य हुआ पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माधो के टिल्ले के समीप शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। आगामी दिनों में इस शौचालयों को जनता के लिए शुरू करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए दस महिला और दस पुरुष शौचालय बनाए गए हैं। पानी की सप्लाई भी इन शौचालयों को दे दी गई है। जल्द श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इन शौचालयों को मंदिर प्रशासन खोल देगा। लोक निर्माण विभाग ने इन शौचालयों को हैंड ओवर करने के लिए मंदिर प्रशासन को पत्र भी लिखा हुआ है। चिंतपूर्णी में माधो के टिल्ले पर इन शौचालयों के बनने से मंदिर प्रशासन के बेहतर प्रबंधों के दावे सच में धरातल पर उतर सकेंगे। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ नीरज कुमार ने बताया कि माधो के टिल्ले पर बने शौचालय पूरी तरह से तैयार हैं। पानी की सप्लाई भी दी जा चुकी है। इनके इस्तेमाल को लेकर मंदिर प्रशासन को हैंड ओवर के लिए पत्र लिखा जा चुका है। उधर, मंदिर ट्रस्ट के जेई विशाल का कहना है कि इन बीस शौचालय का कार्य पूरा हो गया है लेकिन चेंबर पर अभी ढक्कन नहीं लगे हुए हैं। इसे लगाने के आदेश लोक निर्माण विभाग को दिए हैं। इस कार्य के पूरा होते ही इन शौचालयों का प्रयोग शुरू कर दिया जाएगा।