गुरपलाह में दुकान से टकराने से क्षतिग्रस्त हुए टिप्पर को मशीन की मदद से हटाते हुए। स्त्रोत संवा
टाहलीवाल (ऊना)। जिले के टाहलीवाल क्षेत्र में वीरवार देर रात एक सड़क हादसा पेश आया। हादसे में एक टिपर चालक की मौत हो गई है। वहीं, एक दुकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
हादसा बीती रात करीब दो बजे ऊना के गुरपलाह में पेश आया। मृतक टिपर चालक की पहचान साहिल सोंधी निवासी फराला तहसील बंगा जिला नवांशहर पंजाब के तौर पर हुई। जानकारी के अनुसार देर रात एक टिपर पंजाब की ओर से टाहलीवाल जा रहा था। जैसे ही वह गुरपलाह में पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो अनियंत्रित हो गया और पास के एक निजी क्लीनिक में जा घुसा। हादसा इतना भयानक था कि टिपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के दौरान दवा की दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें टिपर को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत बाथू के प्रधान और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है।