संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। थानाकलां अस्पताल में जल्द ही थायराइड टेस्ट शुरू होंगे। इसको लेकर ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मशीन स्थापित करने के निर्देश जारी किए हैं। सोमवार को रोगी कल्याण समिति थानाकलां और बंगाणा की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कंवर ने इस संबंध में निर्देश दिए।
वीरेंद्र कंवर ने बैठक में थानाकलां अस्पताल में निर्माणाधीन भवन की समीक्षा भी की। उन्होंने भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
थाना कलां में टेलीमेडिसिन की सुविधा प्रदान की गई है। इसके माध्यम से रोगी पीजीआई चंडीगढ़ और एम्स बिलासपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों से चिकित्सीय सलाह ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को फॉलोअप के लिए चंडीगढ़ जाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने टेलीमेडिसिन सुविधा उपलब्ध होने का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए बंगाणा और थानाकलां अस्पताल में इसके फ्लैक्स लगाने के लिए भी कहा, जिससे लोगों को सुविधा के बारे में जानकारी मिल सके और वह इसका लाभ उठा सकें। बैठक में एसडीएम विशाल शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, सीडीपीओ हरीश मिश्रा और बीएमओ के अलावा समिति के सदस्य मौजूद रहे।