थानाकलां (ऊना)। थ्रो बॉल एसोसिएशन ऑफ हिमाचल के अध्यक्ष अमन शर्मा ने कहा कि राज्य में थ्रो बॉल खेल को तेजी से लोकप्रियता मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस खेल को प्रदेश में बढ़ावा देने के लिए पिछले पांच वर्षों से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अमन शर्मा ने बताया कि थ्रो बॉल को राज्य सरकार की ओर से मान्यता मिल चुकी है और जल्द ही इसे 3 फीसदी आरक्षित खेल कोटे में भी शामिल किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं और खेल कोटे में अधिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की टीमें अब तक हर राष्ट्रीय थ्रो बॉल प्रतियोगिता में भाग ले चुकी हैं और बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। 48वीं सीनियर नेशनल थ्रो बॉल चैंपियनशिप रांची, झारखंड में आयोजित होगी, जिसके लिए हिमाचल की टीम चयन प्रक्रिया जारी है। हाल ही में ऊना जिले में ट्रायल आयोजित किए गए हैं और अन्य जिलों में भी चयन शिविर चल रहे हैं। अमन शर्मा ने बताया कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश की टीम की घोषणा कर दी जाएगी, जो राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए रांची रवाना होगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस खेल से जुड़ें और अपने राज्य का नाम रोशन करें। थ्रो बॉल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश में खेल के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में इसे और अधिक संगठित रूप से बढ़ावा दिया जाएगा।