मालवाहक वाहनों में ढोये जा रहे लोग
पुलिस के जागरूक करने के बावजूद वाहन चालक दिख रहे बेलगाम
कार्रवाई के नाम पर रोजाना हो रही चालान काटने तक ही खानापूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में ट्रैफिक नियमों की सरेआम अवहेलना की जा रही है और पुलिस इसे रोकने में नाकाम नजर आ रही है। पुलिस की ओर से नियमित रूप से चालान भी काटे जा रहे हैं लेकिन चालक बाज नहीं आ रहे हैं। दोपहिया वाहन सवारों के लिए बिना हेलमेट के बाइक चलाना तो ऊनावासियों के लिए एक शौक बन गया है। दूसरी ओर मालवाहक वाहनों में भी सवारियों को बेरोक-टोक ढोया जा रहा है। चंडीगढ़-ऊना-धर्मशाला मार्ग पर ट्रैफिक नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। दूसरी ओर रेड लाइट चौक से लेकर भगत सिंह चौक तक रोजाना जाम की समस्या ऊना शहर में आम देखने को मिल रही है। इससे आम जनता भी खासी प्रभावित हो रही है। उधर, एसपी ऊना राकेश सिंह का कहना है कि ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के नियमित चालान काटे जा रहे हैं। इस दिशा में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। बार-बार चालान काटे जाने की सूरत में ऐसे वाहन चालकों के वाहनों को जब्त किया जाएगा।