हरोली की लालुवाल, पोलियां बीत, बट्ट कलां पेयजल स्कीमों का हो रहा सुदृढ़ीकरण
जल शक्ति विभाग हरोली की ओर से खर्च किए जाएंगे 5.10 करोड़ रुपये
क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर पेयजल सुविधा के लिए जल शक्ति विभाग ने उठाया बीड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगातार पेयजल सुविधाओं का ढांचा सुदृढ़ हो रहा है। इसी कड़ी में नए वर्ष के दूसरे माह फरवरी तक तीन ग्राम पंचायतों में पेयजल स्कीमें अपग्रेड हो जाएंगी। विशेष योजना में इन स्कीमों पर लगभग 5.10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के लालुवाल, पोलियां बीत, बट्ट कलां की पेयजल स्कीमें नवीनीकरण के बाद जन समर्पित होंगी। इससे यहां निर्बाध पेयजल सप्लाई लोगों को मुहैया होगी। जल शक्ति विभाग हरोली इन क्षेत्रों में नये पेयजल टैंक, मोटर, पंप हाउस आदि को स्थापित कर चुका है। जबकि, स्वच्छ और सुचारु पेयजल सुविधा के लिए यहां नई पेयजल पाइपलाइन डालने का कार्य भी किया जा रहा है। इस कार्य से पेयजल सप्लाई के ढांचे को नवीनीकरण के साथ मजबूत किया जा रहा है। फरवरी तक इन तीनों पंचायतों के 11 गांवों की लगभग 10,000 आबादी को लाभ पहुंचेगा। बचे कार्यों को पूरा करने के लिए विभाग ने नए साल के दूसरे माह फरवरी तक लक्ष्य तय किया है। इसी माह योजना का लाभ भी संबंधित पंचायतों के गांवों के बाशिंदों को मिलना शुरू हो जाएगा।
आगामी फरवरी तक लालुवाल, पोलियां बीत और बट्ट कलां की पेयजल स्कीमों को सुधारने का कार्य संपन्न करने का लक्ष्य है। योजना के सिरे चढ़ने पर क्षेत्र की 10 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
-ई. पुनीत शर्मा, अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति विभाग, हरोली।