थानाकलां (ऊना)। यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बंगाणा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र में विशेष यातायात अभियान चलाकर करीब तीन दर्जन वाहनों के चालान किए। इस दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की हिदायत भी दी। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेज न रखने तथा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहता है।