ऊना। जिला मुख्यालय ऊना में वीरवार को हमीरपुर सड़क के किनारे एक ढाबे व गेस्ट हाउस में देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार तीन आरोपियों को शुक्रवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस थाना सदर प्रभारी गौरव भारद्वाज के नेतृत्व में चल रही मामले की जांच में कई और नाम भी सामने आ सकते हैं। अभी तक इस मामले में आरोपी ढाबा मालिक चरणजीत सिंह निवासी लोअर अरनियाला व उसके साथी रामपाल निवासी गोंदपुर बनेहड़ा जिला ऊना, राजू निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर पंजाब को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। मामले में गेस्ट हाउस संचालक की भूमिका भी संदेह के घेरे में है और उसके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बता दें कि पुलिस को पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि शहर के एक निजी गेस्ट हाउस में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। कई बार इस संबंध में शिकायतें भी पुलिस तक पहुंची थीं। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निगरानी शुरू की। पुलिस की संयुक्त टीम ने कई दिनों तक गेस्ट हाउस की गतिविधियों पर नजर रखी और पुख्ता सूचना मिलने के बाद वीरवार को योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। वहां से तीन महिलाओं को बरामद किया गया। महिलाओं को तुरंत पुलिस सुरक्षा में लेकर रेस्क्यू किया गया। वहीं मौके पर मौजूद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि गिरफ्तार किए तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जा रही है।