ऊना। हरोली क्षेत्र के बिलणा में बीते दिनों दो भैंस चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों भैंसों को पंजाब से बरामद कर उनके वास्तविक मालिक को सौंप दिया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप और बाइक भी कब्जे में ली गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार एक जुलाई 2026 को पुलिस थाना हरोली में एक महिला ने अपनी दो भैंसें चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ अन्य सुरागों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान की। इसके बाद हरप्रीत सिंह (29) निवासी वार्ड नंबर-4, जसोवाल, मोहम्मद दीन (36) निवासी बड्डो मैटियाना तथा लतीफ (32) निवासी ईसपुर कोट पटुही, तहसील गढ़शंकर जिला होशियारपुर (पंजाब) को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप और एक बाइक भी गढ़शंकर से बरामद की गई। इसके अलावा छह जुलाई को पंजाब के सरयाला कलां क्षेत्र से चोरी की गई दोनों भैंसों को भी बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक मालिक के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में अभी भी जांच जारी है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।