शिक्षा विभाग ने जारी किया छुट्टियों का शेड्यूल, मानसून, विंटर और फेस्टिवल पर अलग रहेंगी छुट्टियां
पहले 22 जून से 29 जुलाई तक होती थी गर्मियों की छुटि्टयां
जसवीर ठाकुर
ऊना। प्रदेश के ग्रीष्मकालीन स्कूलों में इस बार गर्मी की छुटि्टयां 22 जून के बजाय पहली जून से होंगी। शिक्षा विभाग ने छुट्टियों का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें मानसून, विंटर और फेस्टिवल की छुट्टियां अलग से रहेंगी।
शिक्षा विभाग के नए निर्देशों के तहत ग्रीष्मकालीन स्कूलों में उपमंडल नालागढ़, फतेहपुर, नगरोटा सूरियां, इंदौरा, पांवटा साहिब काला अंब और जिला ऊना को शामिल किया गया है।
जहां पर वार्षिक परीक्षाओं के बाद पहली अप्रैल से लेकर चार अप्रैल, गर्मी की छुट्टियां पहली जून से 30 जून तक, मानसून की छुट्टियां जो कि पहले 22 जून से 29 जुलाई तक होती थीं। अब इसकी बजाय 3 अगस्त से 12 अगस्त 10 दिन का अवकाश रहेगा। फेस्टिवल के दौरान दो छुटि्टयां दिवाली से पहले और दो छुटि्टयां दिवाली के बाद का प्रावधान किया गया है, तो विंटर में लोहड़ी से 2 दिन पहले और लोहड़ी के तीन दिन बाद होनी वाली छुट्टियां अब पहली जनवरी से 8 जनवरी तक 8 दिन की होंगी। इस बार विशेष बात यह है कि गर्मी की छुट्टियां जो पहले 22 जून को हुआ करती थी। इस बार इन छुट्टियों के शेड्यूल में बदलाव कर दिया है और ये छुट्टियां अब पहली जून से 30 जून तक 30 दिन की रहेंगी। कुल मिलाकर समर क्लोजिंग स्कूलों में मानसून, विंटर फेस्टिवल और गर्मी सहित 52 छुट्टियां इस बार होंगी।
जबकि विंटर क्लोजिंग स्कूलों में वेकेशन का कैलेंडर अलग से रहेगा। इसमें किन्नौर लाहौल-स्पीति पांगी, भरमौर, चंबा और कुल्लू जिला शामिल हैं। इसके अलावा ट्राइबल एरिया में किन्नौर, पांगी और भरमौर और चंबा जिला में पहली जनवरी से 15 फरवरी के बजाय अब पहली जनवरी से 11 फरवरी तक छुट्टियां होंगी। तो दूसरी ओर मानसून की छुट्टियां जो लाहौल-स्पीति में 22 जून से 29 जुलाई तक 38 दिन की हुआ करती थी। नए शैक्षणिक सत्र से यहां भी छुट्टियां का शेड्यूल बदल गया है। इसमें अब 12 जुलाई से 12 अगस्त तक 32 दिन की छुट्टियां की जाएंगी। दूसरी ओर ग्रीष्मकालीन की छुट्टियां 1 जून से 8 जून तक 8 दिन की रहेंगी। वहीं, जिला कुल्लू के समर और विंटर वीकेशन स्कूलों में छुट्टियां इस बार पहली से 14 जनवरी तक और 20 जुलाई से 12 अगस्त तक होंगी।
बाक्स
शिक्षा विभाग ने इस बार गर्मी की छुट्टियां 22 जून के बजाय पहली जून से करने का निर्णय लिया है। मानसून विंटर और फेस्टिवल पर अलग से छुट्टियां रहेंगी । इस बार नया पैटर्न स्कूलों पर लागू होगा। -सोम लाल धीमान, प्रारंभिक शिक्षा विभाग ऊना के उपनिदेशक
छुट्टियों के शेड्यूल में बदलाव को लेकर संघ संघर्षरत रहा है और वर्तमान में जो बदलाव किया गया है। यह छात्र और शिक्षक वर्ग के हित में है। विभाग समयसारिणी की मांग पर भी समय रहते गौर तो संघ की समस्या का समाधान हो जाएगा। -शशि सैनी, हिप्र स्कूल प्रवक्ता संघ के महासचिव