चोरियों को दे रहे अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट(ऊना)। गगरेट नगर में बीते एक सप्ताह के भीतर चोरी की घटनाओं ने नगरवासियों को भय और असुरक्षा के माहौल में डाल दिया है। शुक्रवार रात को सेंटडीआर स्कूल के पास स्थित एक मंदिर का दान पात्र तोड़कर चोर नकदी चुराकर भाग गए। यह इस इलाके में हालिया दिनों में चोरी की दूसरी घटना है। इससे पहले दीवान चंद के घर पर भी चोरी का प्रयास किया गया था। हालांकि, उस घटना में चोर विफल रहे थे। इन सिलसिलेवार चोरियों में पुराना अंब सड़क मार्ग पर चोरों ने लगातार तीन अन्य वारदातों को अंजाम दिया। सबसे पहले एक मंदिर का दान पात्र तोड़कर 12,000 रुपये की नकदी चोरी की गई। इसके बाद बाबा बालक नाथ मंदिर में दान पात्र तोड़ा गया और 13,000 रुपये चुराए गए। तीसरी घटना में इसी क्षेत्र के एक घर में चोरी का प्रयास किया गया। हालांकि, शीशा टूटने की आवाज सुनकर पड़ोसी जाग गए, जिससे चोर भाग गए। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में पड़ रहे गहरे कोहरे के चलते शातिर इन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चोरी की बढ़ती घटनाओं से यह भी आशंका जताई जा रही है कि गगरेट में चोरों का कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है। जो मुख्य रूप से मंदिरों और आवासीय क्षेत्रों को निशाना बना रहा है। पुलिस ने इन घटनाओं के बाद घटनास्थलों का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि गगरेट में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।