उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार रात्रि बीटन गांव में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बीटन के लिए अलग से जलापूर्ति योजना बनाकर दो करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा सिंगा और बीटन के लिए अलग-अलग जलापूर्ति योजनाएं बनाई गई हैं जिनसे दोनों पंचायतों में सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने 1942 के आसपास टाहलीवाल के लिए जो वाटर सप्लाई स्कीम बनाई थी, अभी तक उसी पर ही हम निर्भर थे। लेकिन अब बीत के हर क्षेत्र में नलकूप लगाकर जलापूर्ति योजनाएं तैयार की गई हैं। मकोढ़गढ़, ठाकरां, धुग्गे तथा कुठारबीत सहित कई जगह नलकूप लग गए हैं। उनके विधायक बनने से पहले बीटन में कोई नलकूप नहीं लगा था। उन्होंने बीटन और जक्खेवाल में नलकूप लगवाए।
लोगों ने अलग से वाटर सप्लाई स्कीम मांगी, उनकी यह मांग भी पूरी की है। उद्योग मंत्री ने कहा कि बीटन कॉलेज में आठ करोड़ की लागत से भवन बनाया गया है। यहां आर्ट्स और कामर्स के साथ-साथ अब साइंस की कक्षाएं भी मंजूर की गई हैं। उन्होंने कहा कि बीटन को जमा दो स्कूल भी कांग्रेस सरकार ने ही दिया है। बीटन पंचायत में विकास कार्यों में कोई कसर नहीं रखी जाएगी। आने वाले दिनों में वह गांव का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे। इस अवसर पर बीएसएफ के रिटायर्ड डिप्टी कमांडेंट सोमनाथ बीटन, पूर्व प्रधान चमनलाल, पूर्व सैनिक बलदेव बीटन, अमरजीत बीटन, मदनलाल बीटन, विमला देवी तथा सिंगा के पूर्व प्रधान सुरेंद्र चढ्डा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।