ऊना। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ (पीटीएफ) जिला ऊना नई परिसर व्यवस्था के विरोध तथा अध्यापकों की समस्याओं को लेकर एक आग्रह रैली के रूप में रोष प्रदर्शन करने जा रहा है। इस रैली में जिला ऊना के सभी सात शिक्षा खंडों के लगभग 1000 शिक्षक भाग लेंगे और उपायुक्त ऊना के माध्यम से एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को प्रेषित करेंगे। इससे पहले प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रदेश सरकार के सभी विधायकों, मंत्रियों व मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं रखी हैं परंतु कोई भी सार्थक परिणाम नहीं निकला है। जिला ऊना के अध्यक्ष संदेश कुमार ने बताया कि अध्यापकों में बहुत रोष है। कर्मचारियों को वित्तीय लाभ देना तो दूर की बात है, सरकार मुफ्त में किए जाने वाले कार्य को भी अनदेखा कर रही है। सरकार से अपील है कि शीघ्र अति शीघ्र प्राथमिक शिक्षक संघ को वार्ता के लिए बुलाए और समस्याओं का हल करे।