लोगों के दैनिक कार्य हो रहे प्रभावित, समाधान की उठाई मांग
बोर्ड का कहना, कांगू से विद्युत आपूर्ति होती है प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता क्षेत्र में बार-बार बिजली के कट लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के घरेलू कार्य इससे प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि विभाग 33 केवी सब स्टेशन झंडूता को कांगू से आने 33 केवी विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ देता है।
विस क्षेत्र झंडूता के झंडूता, गेहड़वी, कलोल, बरठीं, शाहतलाई सहित अन्य प्रमुख इलाकों में अकेले 33/11 केवी सब स्टेशन झंडूता से ही बिजली की आपूर्ति बहाल की जाती है। ऐसे में जब भी 33/11 केवी सबस्टेशन झंडूता को आने वाली कांगू से कंदरौर की बिजली की आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो जाए तो पूरा झंडूता विस क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। मुख्यालय होने पर यहां पर उपमंडल स्तर के विभिन्न विभागों के कार्यालय स्थापित हैं। झंडूता क्षेत्र में बिजली बंद हो जाने पर विभागीय अधिकारियों के सामने भी समस्या खड़ी हो जाती है। उन्हें लोगों के गुस्से का सामना भी करना पड़ता है। एक ओर जहां दिनों दिन बिजली कर्मचारियों की कमी बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली की समस्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। कोटधार क्षेत्र के समाजसेवी पूर्व पंचायत समिति सदस्य श्याम सिंह परमार ने बताया कि झंडूता क्षेत्र में लंबे समय से बिजली की समस्या बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों में इंद्र सिंह, धर्म सिंह, कुलदीप सिंह, नरेंद्र कुमार, नंद लाल, रमेश कुमार, ब्रहमा नंद, कंचन, रत्नी देवी सहित अन्य लोगों ने विद्युत बोर्ड से समस्या के समाधान की मांग की है।
विद्युत बोर्ड सब डिवीजन झंडूता के कनिष्ठ अभियंता रवि कुमार ने बताया कि 33/11 केवी सब स्टेशन झंडूता को आने वाली कांगू से विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से समस्या आई है। उन्होंने बताया कि समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।