ऊना। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने विधानसभा क्षेत्र के लालसिंगी में लोगों की जमीन को लेकर किए जा रहे घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जिन अधिकारियों को रिश्वत कांड में पकड़ा गया था, उन्हें किसके इशारे पर बार-बार एक्सटेंशन देकर राजस्व विभाग में और बड़े घोटाले करने के लिए लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दागी अधिकारियों को लेकर पहले भी आवाज उठाई गई थी लेकिन सरकार इन्हीं अधिकारियों का साथ देती नजर आ रही है और अब भी सरकार द्वारा भू माफिया से जुड़े लोगों के इशारे पर ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर लोगों की जमीन चहेतों के नाम करने का काम किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि जिला मुख्यालय पर इतना बड़ा गोली कांड होने के बावजूद मुख्यमंत्री माफिया के तले दबे पड़े हैं। हालत यह है कि आम जनता का ध्यान भटकने के लिए जनता को ही प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लालसिंगी गांव के लोगों द्वारा बार-बार उनकी जमीन को लेकर की जा रही छेड़छाड़ के बारे में सरकार के समक्ष बात उठाई गई, लेकिन सरकार आम जनमानस का दुख-दर्द को सुनने के लिए ही तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि लालसिंगी गांव में ऐसा कौन सा भू माफिया सक्रिय हो गया है, जो लोगों की जमीन हड़पने का काम कर रहा है। यदि इस मामले पर जल्द उचित कार्रवाई करते हुए लोगों को उनका हक नहीं दिया गया तो भारतीय जनता पार्टी उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।