नंदपुर से हनुमान मंदिर ठठल जाने वाली सड़क की खस्ता हालत। संवाद
- फोटो : घोटाले की जांच के दौरान मिट्टी खोदवाते अधिकारी।
नंदपुर(ऊना)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नंदपुर से हनुमान मंदिर ठठल तक बनी सड़क बदहाल है। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है, परतें उखड़ गई हैं और गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़क आए दिन हादसों को न्योता दे रही है। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, किसानों और बुजुर्गों के लिए यह प्रमुख संपर्क सड़क है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। इस पर संबंधित विभाग द्वारा कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए। सड़क को सुरक्षित बनाया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस पर स्थानीय लोगों से अपने विचार सांझा किए। वहीं एसडीओ पीडब्ल्यूडी अंब सुखविंद्र सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। संबंधित कनिष्ठ अभियंता से मौके की रिपोर्ट मंगवाई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकता के अनुरूप मरम्मत कार्य शीघ्र करवाया जाएगा।
इस सड़क पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार प्रशासन को अवगत करवाया गया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
-मुनीश पटियाल, स्थानीय निवासी
बरसात के समय हालात और खतरनाक हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क दिखाई नहीं देती और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
-सुरेंद्र कुमार, स्थानीय निवासी