फिटिंग से संबंधित कार्य पूरा होने के बाद उपकरण स्थापित करने के लिए प्रबंधन ने शुरू की प्रक्रिया
जल्द ही लोगों को सुचारु रूप से मिलेगी मातृ-शिशु अस्पताल के भवन में सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मातृ-शिशु अस्पताल के भवन में उपकरण स्थापित करने और अन्य सुविधाओं को शुरू करने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। फिटिंग से संबंधित कार्य पूरा हो गया है। भवन में ऑपरेशन थियेटर, लेबर रूम, लैब, अल्ट्रासाउंड कक्ष, गायनी वार्ड, शिशु रोग वार्ड सहित अन्य सुविधाओं को शुरू किया जाएगा। इसके तहत भवन में कार्य शुरू कर दिया है। इससे पूर्व मातृ-शिशु अस्पताल के भवन का कार्य लंबे समय से लंबित था। बिजली की फिटिंग का कार्य भी देरी से हुआ। भवन में सभी सुविधाएं शुरू करने के लिए काफी देरी हुई। वर्तमान में इन सभी कार्यों को पूरा कर लिया गया है। ऐसे में प्रबंधन ने सुचारु रूप से मातृ-शिशु अस्पताल के भवन को शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस भवन में महिलाओं और बच्चों से संबंधित सभी प्रकार के उपचार और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। वर्तमान में अस्पताल में पंजीकरण कक्ष, गायनी ओपीडी का ही संचालन हो पा रहा है।
कोट्स
मातृ-शिशु अस्पताल में उपकरण स्थापित करने और अन्य सुविधाओं को शुरू करने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कुछ उपकरण अस्पताल में पहुंच गए हैं। जल्द ही भवन में सुचारु रूप से स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना