परिवहन
एचआरटीसी ऊना नहीं कर पाया सुविधा की शुरुआत
निगम को कई बार भेजे प्रस्ताव, नहीं हुआ कोई फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आईएसबीटी ऊना बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन के लिए एचआरटीसी की टैक्सी सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। रोजाना रेल के माध्यम से सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के हल के लिए एचआरटीसी प्रबंधन को कई बार प्रस्ताव भी भेजे गए। अभी तक धरातल पर कुछ नहीं हो पाया है। बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन ऊना के लिए वर्तमान में एचआरटीसी की तरफ से कोई परिवहन सुविधा नहीं है। यात्रियों के लिए केवल ऑटो रिक्शा का ही सहारा है। ऑटो रिक्शा में यात्रियों को 20 रुपये किराया देना पड़ता है। वर्तमान में ऊना रेलवे स्टेशन पर रोजाना अप-डाउन 18 ट्रेनों का आना-जाना होता है। ऐसे में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में एचआरटीसी ऊना हरोली के लिए ही इलेक्ट्रिक टैक्सी की सुविधा का संचालन करता है। लोगों ने कई बार मांग उठाई है कि एचआरटीसी की तरफ से ऊना रेलवे स्टेशन के लिए इलेक्ट्रिक टैक्सी ट्रेन की समयसारिणी के हिसाब से ही चलाई जाए। इससे यात्रियों को इलेक्ट्रिक टैक्सी का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
कोट्स
रेलवे स्टेशन ऊना के लिए टैक्सी सुविधा को लेकर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर आगामी निर्णय उच्च अधिकारियों के स्तर पर ही होगा।
सुरेश धीमान, डीडीएम एचआरटीसी ऊना