दौलतपुर चौक बस अड्डा परिसर कादृश्य। संवाद
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक बस अड्डा पर जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। जिससे जनता और कारोबारी रोजाना परेशान हो रहे हैं। इतना ही नहीं, निकासी नालियों की भी पर्याप्त व्यवस्था न होने से अक्सर पानी जमा रहता है। गर्मियाें और बरसात के दिनों में लोगों को समस्या से जूझना पड़ रहा है लेकिन नगर पंचायत ने इस दिशा में कोई भी उचित व्यवस्था नहीं की है। नियमित तौर पर क्षेत्र में साफ सफाई की व्यवस्था न होने से सरेआम स्वच्छ भारत मुहिम की भी धज्जियां उड़ रही हैं। ऐसा भी नहीं है कि नगर पंचायत के पास बजट की कमी है लेकिन वर्तमान में अनियमितता का आलम सरेआम दौलतपुर चौक बस अड्डे में देखने को मिला है। गाड़ियों की आवाजाही अत्यधिक होने और बस अड्डा परिसर सीमित होने की सूरत में साफ-सफाई का अभाव बना हुआ है। अवकाश के दिन में तो नाममात्र ही सफाई होती नजर आती है। क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता ने नगर पंचायत से आग्रह किया है कि बस अड्डा परिसर को नियमित रूप से साफ सुथरा रखा जाए ताकि उनके कारोबार पर भी विपरीत असर न पड़े और लोग भी सहजता से आवागमन करते रहें।
बस अड्डा परिसर में अकसर गंदगी पसरी रहती है। कूड़े के ढेर लगने से गर्मियों में बीमारी पनपने का भय बना रहता है। नगर पंचायत को बस अड्डा परिसर की नियमित तौर से साफ सफाई रखनी चाहिए ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
-रोहित सिंह, स्थानीय दुकानदार
बस अड्डे में लोगों का आना-जाना बराबर बना रहता है। निकासी नालियां न होने से पानी जमा रहता है और गंदगी फैलने से वातावरण भी दूषित होता है। इससे कारोबार पर भी विपरीत असर पड़ता है। नगर पंचायत को संजीदगी से साफ सफाई की ओर से ध्यान देना चाहिए।
-सुशांत राणा, स्थानीय दुकानदार
दौलतपुर चौक बस अड्डा परिसर कादृश्य। संवाद