नंगल (ऊना)। नंगल की अड्डा मार्केट से मोहल्ला राजनगर को जोड़ने वाले पुल के साथ लगती जमीन लगातार धंसने से आ पास रहने वाले लोगों और दुकानदारों की चिंताएं लगातार बढ़ने लगी हैं। कुछ इसी तरह के हालात तीन चार महीनों पहले भी बने थे। तब भी मामला उठाने के बाद नंगल नगर काउंसिल के अधिकारी नींद से जागे थे। पुल के आसपास की खोदाई कर अस्थायी तौर पर इसका हल करवा दिया गया था। लेकिन अब तो हालात और भी खराब हो चुके हैं। इस दौरान कई दोपहिया वाहन चालक चोटिल होकर अस्पताल भी पहुंच चुके हैं। लोगों ने एक डंडे पर लाल कपड़ा लपेट दिया है ताकि लोग हादसे का शिकार न हों। उधर, जनहित में यह मामला नगर काउंसिल के अध्यक्ष संजय साहनी के ध्यान में लाया गया तो कौंसिल के चेयरमैन अपने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस पुल की मरम्मत जल्द करवाने के आदेश जारी किए।