लठियाणी वाजार के दोनों तरफ खड़े बेतरतीव वाहन दे रहे हादसों को निमंत्रण।स्रोत स्वयं
हादसों को दे रहे न्योता, हर समय किसी बड़ी अनहोनी का रहता डर
वाहन मालिकों को साइड में करने के लिए कहने पर हो जाते हैं लड़ाई पर उतारू
पुलिस प्रशासन वाहनों पर कार्रवाई करने में दिख रहा असमर्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
लठियाणी (ऊना)। लठियाणी क्षेत्र में आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होना आम है। इसके बावजूद वाहन चालक सबक नहीं ले रहे हैं। लठियाणी बाजार में पंजाब और अन्य स्थानों से आने वाले लोग काफी देर तक जाम की स्थिति में रहकर सिद्ध शक्ति पीठ बाबा बालक नाथ के लिए नेशनल हाईवे 503ए से होते हुए आगे बढ़ते हैं। बाजार के दोनों तरफ बेतरतीब खड़े वाहनों से यहां अक्सर जाम लगता है। यह एनएच लठियाणी बाजार के बीच से गुजरता है। यहां पर कई बार वाहनों के आपस में टकराने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। वाहन चालकों की लड़ाई भी होती है लेकिन दुकानदार बीच में पड़कर मामला रफा-दफा करवा देते हैं। कई बार पुलिस को बुलाकर ऐसे मामलों को निपटाया जाता है। इसके बावजूद बाजार में खड़े बेतरतीब वाहनों पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। रमेश चंद, किशन देव, संजीव कुमार, रामकिशन, सुदेश कुमार, राकेश कुमार, जमुना देवी, कृष्णा देवी, ओंकारी देवी, प्रीतो देवी के अलावा अन्य लोगों का कहना है कि हम बैंक से पेंशन लेने या फिर दुकानों से सामान लेने या फिर स्कूल से बच्चों को लाने के लिए जाते हैं तो हमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाजार में खड़े बेतरतीव वाहनों को हटवाया जाए ताकि इस समस्या से निजात मिल सके। थाना प्रभारी बंगाणा रोहित चौधरी का कहना है कि वैसे तो पुलिस गश्त करती रहती है। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई भी की जाती है। कानून का पालन करना हमारा सभी का दायित्व बनता है। कानून के उल्लंघन करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।