न्यायालय में दाखिल की जनहित याचिका मंजूर
नंगल के साथ लगती सीमाओं पर हिमाचल के नागरिकों की तर्ज पर मांगी छूट
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल के साथ लगती हिमाचल की सीमाओं में लगे टोल बैरियरों का मामला अब हिमाचल हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। नंगल निवासी उतांश मोंगा ने एक जनहित याचिका दायर कर इन टोल नाकों से नंगल नगर काउंसिल के दायरे में रहने वाले चौपहिया वाहन चालकों को इस टोल से हिमाचल के नागरिकों की तर्ज पर छूट देने की मांग उठाई है। हिमाचल हाईकोर्ट ने इस जनहित याचिका को मंजूर करते हुए संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर दिया है। इसकी जानकारी उतांश मोंगा ने नंगल में पत्रकारों से बात करते हुए दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में हिमाचल सरकार के मुख्य सचिव, ट्रांसपोर्ट एवं हाईवे, हिमाचल आबकारी एवं कराधान विभाग ,उपायुक्त ऊना व आरटीओ ऊना को नोटिस भेजा गया है। हिमाचल हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ही इस जनहित याचिका को स्वीकार किया है। यही मांग नंगल जनहित मोर्चा भी उठा चुका है।