थानाकलां (ऊना)। उपमंडल क्षेत्र बंगाणा के तहत पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी दूसरी शादी 11 जून 2023 को वरनोह निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। पहली शादी से उसके दो बच्चे हैं, जिन्हें वर्तमान पति ने गोद लिया था और वे साथ रहते थे। शुरुआती डेढ़ वर्ष तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति, सास और ससुर ने उसके व बच्चों के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग शुरू कर दिया और दहेज कम लाने को लेकर तंग करने लगे। आरोप है कि पति व सास ने कई बार मारपीट भी की। महिला ने कहा कि 8 जुलाई को वह अपने बेटे के साथ रोपड़ गई थी। वापसी पर उसने देखा कि उनके कमरे में ताले लगे थे। सूचना देने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजे खुलवाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।