हरोली (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय हरोली में संस्कृति विभाग की ओर से प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के नेतृत्व में राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 20 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मकता का सुंदर प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियां बनाई। प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने सभी को राखी की शुभकामनाएं दीं और रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हीना लाकेश (बी.कॉम) ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान कविता (बीए) को मिला, जबकि तृतीय स्थान पूजा, चंचल और अमन को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल में प्रो. कल्पना शर्मा, प्रो. ज्योति शर्मा, डॉ. बिंदिया चंदेल और डॉ. रिचा शमी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्कृति विभाग की प्रभारी डॉ. शकुंतला राणा ने किया।