रामलीला मैदान अम्ब के समीप अनियंत्रित होकर खड़ के किनारे लटकी हुई गाड़ी।संवाद
रामलीला मैदान अंब के समीप सुबह हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर (ऊना)। रामलीला मैदान अंब के समीप वीरवार सुबह 4:30 बजे एक महिंद्रा गाड़ी तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर खड्ड के किनारे लटक गई। गाड़ी अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन की तरफ से आ रही थी। गाड़ी को रौंणखर गांव का युवक कुमार चला रहा था। उसके साथ एक अन्य सवार था। गनीमत रही कि वाहन की रफ्तार अधिक नहीं थी अन्यथा गाड़ी गहरी खाई में गिर सकती थी। इससे जानमाल का भी नुकसान हो सकता था। हादसे में किसी को चोट नहीं लगी है। चालक ने बताया कि मोड़ पर किसी प्रकार का दिशा-निर्देश बोर्ड या पैरापिट न होने के चलते वह गलती से गलत दिशा की तरफ मुड़ गया। उधर, मौके पर प्रत्यक्षदर्शी दीपक कुमार ने बताया कि गाड़ी खड्ड में गिरने से कुछ इंच की दूरी पर ही थी। रफ्तार होती तो हादसा हो सकता था। वहीं, स्थानीय निवासी प्रशांत, कार्तिक और आशुतोष ने बताया कि यहां पहले भी हादसे होते रहते हैं। कई बार प्रशासन से यहां पर पैरापिट लगाने की मांग की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि यहां हादसों के खतरे को देखते हुए जल्द पैरापिट या सूचना बोर्ड लगाया जाए ताकि हादसों में कमी आ सके। हादसे के बाद करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से गाड़ी को बाहर निकाला गया। संवाद