ऊना में भईदूज पर्व के चलते लगा जाम ।संवाद
यातायात व्यवस्था को बनाने में ट्रैफिक पुलिस के प्रयास नाकाफी
त्योहरी सीजन में अव्यवस्था के आगे पिसती रही जनता
चौकों पर भी गिने चुने पुलिस जबान आए नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भैयादूज पर वीरवार को बाजारों में खासी भीड़ नजर आई, वहीं ऊना शहर में रुक-रुक कर नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। इससे आम जनता को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। चंडीगढ़ धर्मशाला नेशनल हाईवे पर रोटरी चौक से रेड लाइट और मैहतपुर तक दोनों ओर लंबी-लंबी कतारें वाहनों की लगी रहीं। धीरे-धीरे आवागमन होने से वाहनों में बैठी सवारियों को दिक्कत पेश आई। ऊपर से व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भी पुलिस विभाग की ओर से ट्रैफिक के जवान भी हर चौक पर कहीं-कहीं पर ही दिखे। इससे वाहन चालकों को परेशानियां झेलनी पड़ी। सवारियों में अशोक कुमार, संजीव कुमार, हिम्मत सिंह, विमला देवी, सोनिया देवी, तारा ठाकुर व रमन कुमारी का कहना है कि त्योहारी सीजन को मद्देनजर रखते हुए पुलिस प्रशासन को शहरों में व्यवस्था चुस्त रखनी चाहिए ताकि आम जनता को दिक्कतें पेश न आएं। ऊना में ट्रैफिक व्यवस्था का इस दौरान बुरा हाल देखने को मिला और इसका खामियाजा आम जनता को जाम में फंसकर वाहनों में बैठकर पसीने में तरबतर हाेकर चुकता करना पड़ा। रोटरी चौक से लेकर रेड लाइट चौक तक ही वाहन को क्रॉस करने में आधा घंटे से ज्यादा समय लग रहा था। इतनी रफ्तार में तो वाहन चालक नंगल तक क्रॉस कर जाते हैं। दूसरी ओर भारी भरकम वाहन भी रेत बजरी से लदे होने की सूरत में सड़क पर ही बजरी बिखरने से वाहन चालकों को काफी दिक्कतें पेश आईं। लोगों ने यहां तक सोशल मीडिया में भी पुलिस की खूब किरकिरी की। पुलिस हर बार कार्रवाई करने का ही दिलासा देती है, लेकिन धरातल पर सख्ती न होने की सूरत में कानून व्यवस्था तितर-बितर होकर रह गई है। बाजारों में बुरा हाल है। नॉन पार्किंग जोन में गाड़ियां पार्क हैं। जहां फुटपाथ पर लोगों ने गुजरा है। वहां पर नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की भरमार लगी हुई है और अवैध जगह पर वाहन पार्क किए हैं और खामियाजा कुल मिलाकर आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। एसपी ऊना अमित यादव का कहना है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।