लठियाणी (ऊना )। ग्राम पंचायत तनोह स्थित ऐतिहासिक बटेश्वर महादेव मंदिर में आज पारंपरिक लोक-संस्कृति का प्रतीक चिढ़नू महापर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। यह जानकारी आचार्य दीपक शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद खास है, क्योंकि आज आषाढ़ संक्रांति गुप्त नवरात्रि का शुभारंभ और भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा का त्रिवेणी महासंयोग बन रहा है। ऐसे में आचार्य महासभा के सदस्यों ने बताया कि इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, चिढ़नू महापर्व हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति और अमूल्य धरोहर का हिस्सा है। इस पर्व के दौरान एक विशेष अनुष्ठान के तहत पशुओं में पाए जाने वाले खटमल व अन्य हानिकारक परजीवियों को एकत्रित कर पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ अग्नि में दहन किया जाता है। मान्यता है कि इस प्राचीन परंपरा से मवेशियों की बीमारियां दूर होती हैं और क्षेत्र में पशुधन सुरक्षित व स्वस्थ रहता है।
कार्यक्रम रात्रि 8:15 बजे से शुरू होकर 9 बजे तक चलेगा। इस दौरान बटेश्वर महादेव को हिमाचल के प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन मीठे बबरू का भोग लगाया जाएगा और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में इस महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।