गोंदपुर बनेहड़ा (ऊना)। केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण को लेकर सोमवार को टीम ने भंजाल स्कूल का दौरा किया। बता दें कि जब तक केंद्रीय विद्यालय की अपनी बिल्डिंग नहीं बन जाती, तब तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंजाल में केंद्रीय पाठशाला की कक्षाएं लगाई जानी हैं। स्कूल प्रशासन भंजाल ने पाठशाला के करीब 10 कमरे खाली रखे हैं ताकि केंद्रीय विद्यालय का कार्य शुरू हो सके और इसके लिए बाकायदा एनओसी भी जारी कर दी गई है। इसके अतिरिक्त केंद्रीय विद्यालय में कक्षाएं जल्द शुरू हो सकें, इसके लिए अन्य औपचारिकताएं पूरी करने की दिशा में सोमवार को अधिकारियों ने दौरा किया। इस मौते खंड विकास अधिकारी गगरेट सुरेंद्र कुमार जेटली, टेक्नोक्रेट अधिकारी दिनेश कुमार, केंद्रीय विद्यालय बंगाणा के प्रिंसिपल गिरीश कुमार एवं उनकी टीम, स्थानीय पाठशाला के कार्यकारी प्रिंसिपल राजन शर्मा, अधीक्षक दिनेश शर्मा, लेक्चरर अनु शर्मा, सुरेश कुमार, मुकेश कुमार, विनोद ठाकुर भी उपस्थित रहे ।