लोगों ने कहा-तेज रफ्तार पर लगाम लगाए प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर बाजार क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रशासन की ढील लगातार हादसों को न्योता दे रही है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव, वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और संकरे बाजार मार्गों के बीच तेज गति से दौड़ते दोपहिया वाहन आमजन, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार दौलतपुर बाजार में सामुदायिक अस्पताल, बैंक, स्कूल और अन्य आवश्यक संस्थान स्थित हैं। जहां दिनभर पैदल चलने वालों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद कई दोपहिया वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए तेज रफ्तार से वाहन चला रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। वीरवार को एक महिला सामुदायिक अस्पताल दौलतपुर से दवाई लेकर सड़क पार कर रही थी, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि महिला बुजुर्ग और बाइक चालक दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं और मामला आपसी रजामंदी से सुलझा लिया गया।
स्थानीय नागरिक नरेंद्र शर्मा, विनोद कुमार, भूपिंदर शर्मा, रामपाल शर्मा और रोहित कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर, स्पष्ट संकेतक, नो-पार्किंग जोन और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि सामुदायिक अस्पताल, स्कूल और बैंकों के आसपास बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार दोपहिया और चौपहिया वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।