फसलें पूरी तरह से नष्ट, सैकड़ों कनाल जमीन पत्थरों और रेत से भरी
विधायक विवेक शर्मा से तटबंध बनाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। ग्राम पंचायत अजनोली में खड्ड पर वन विभाग की ओर से बनाई गई छोटी पुलिया अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इंजीनियरों ने महज 100 मीटर आगे बने बड़े पुल को नजरअंदाज़ करते हुए यहां छोटी पुलिया का निर्माण कर दिया, जो बरसाती पानी के बहाव को संभालने में नाकाम साबित हो रही है। हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान पुलिया पर पानी का दबाव बढ़ा और बाढ़ का पानी खेतों में घुस गया। इससे फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं और सैकड़ों कनाल जमीन पत्थरों व रेत से भरकर अनुपजाऊ हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति वन विभाग की तकनीकी लापरवाही और बिना विशेषज्ञों की सलाह लिए किए गए निर्माण का नतीजा है। उन्होंने बताया कि मामला कई बार पंचायत में उठाया गया, लेकिन पंचायत का कहना है कि पुलिया का निर्माण वन विभाग ने किया है और जिम्मेदारी भी उसी की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उनके नुकसान की भरपाई की जाए और पुलिया को हटाकर तटबंध बनाया जाए। साथ ही उन्होंने स्थानीय विधायक विवेक शर्मा से मौके का निरीक्षण कर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।