अंब(ऊना)। कलरूही में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन मंदिर परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा वाचक पंडित गोपाल शास्त्री महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य और उसके आध्यात्मिक अर्थ के बारे में विस्तार से समझाया। शास्त्री ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं है बल्कि यह भगवान श्रीकृष्ण का ही साक्षात रूप है। उन्होंने कहा कि श्रद्धापूर्वक इस कथा को सुनने से मनुष्य के जीवन के सभी कष्ट और पाप कट जाते हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सच्चे सुख और शांति के लिए जीवन में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का होना बहुत जरूरी है। जब तक मनुष्य भगवान की भक्ति में ध्यान नहीं लगाता, तब तक उसे सांसारिक मोह-माया से मुक्ति नहीं मिल सकती। कथा के दौरान भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबकर झूमते नजर आए। कथा के अंत में आरती की गई और सभी भक्तों में प्रसाद का वितरण हुआ।