बंगाणा (ऊना)। पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर का गांव जटेड़ी (पीपलू) पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान आयोजित जनसंवाद में वीरेंद्र कंवर ने कांग्रेस सरकार और स्थानीय नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में सत्ता परिवर्तन के समय कांग्रेस प्रत्याशी ने कुटलैहड़ की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद उनमें से एक भी वादा धरातल पर पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि रोजगार, महिलाओं को 1500 रुपये देने, सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के नाम पर जनता को केवल आश्वासन मिले हैं। आज क्षेत्र की सड़कों की हालत खस्ता है, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर नहीं हैं और पेयजल व्यवस्था भी सुचारू रूप से नहीं चल पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खनन माफिया, खैर माफिया और नशा माफिया का प्रभाव बढ़ा है तथा कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, जिससे आम जनता परेशान है।