ऊना। एक सप्ताह से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता अपर अंदौरा निवासी मंदीप सिंह उर्फ दीपू की तलाश के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर गहन तलाशी अभियान चलाया। यह युवक पिछले 16 मार्च की रात करीब 10 बजे घर से निकला था और इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
मंदीप सिंह के लापता होने के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है, क्योंकि उसकी मोटरसाइकिल उसके दोस्त ने घर के पास छोड़ दी थी लेकिन मंदीप के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दी जा सकी। युवक के लापता होने के कारण उसके परिवारवाले गहरे सदमे में हैं।
पुलिस प्रशासन ने युवक की तलाश में पूरी गंभीरता से कार्रवाई की है और अब तक किसी सुराग का पता नहीं चला है। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली है, और रविवार को ऊना से आई डॉग स्क्वाड टीम और करीब पचास ग्रामीणों ने स्वां नदी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया। इस अभियान में अंब थाना प्रभारी रूप सिंह ठाकुर भी अपनी टीम के साथ शामिल हुए थे।
हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी युवक का कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने इस मामले में एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि युवक की तलाश के लिए अगले कदम उठाए जाएंगे और पुलिस प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। युवक की रहस्यमयी गुमशुदगी के कारण स्थानीय लोग भी चिंतित हैं और पुलिस से जल्द ही सुराग मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।