ऊना। जिला ऊना में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं जैसे हालात के बीच जहां आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं स्कूली बच्चों की सेहत को लेकर अभिभावकों की चिंता भी बढ़ने लगी है। इसके बावजूद शिक्षा विभाग ने फिलहाल स्कूलों के समय में किसी प्रकार का बदलाव करने से इनकार कर दिया है।
जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अभिभावकों में रवि कुमार, शालिनी, अकांक्षा, रमा देवी, अनिल शर्मा, प्रवीण चौधरी की ओर से स्कूलों का समय सुबह करने की मांग उठाई गई है। उनका कहना है कि दोपहर के समय तापमान काफी अधिक हो जाता है, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। छोटे बच्चों को तेज धूप और उमस के कारण थकावट, चक्कर और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्कूलों का समय सुबह जल्दी करने से बच्चों को राहत मिल सकती है। हालांकि, शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं बनी है, जिसमें स्कूलों की समयसारिणी में बदलाव करना जरूरी हो। विभाग द्वारा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी स्कूलों को निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपनिदेशक जिला प्रारंभिक शिक्षा विभाग सोमलाल धीमान ने स्पष्ट किया है कि यदि आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि होती है या हीट वेव जैसी स्थिति बनती है तो स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर पुनर्विचार किया जाएगा। फिलहाल विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था, गर्मी से बचाव के लिए जागरूकता और जरूरत पड़ने पर बच्चों को छाया में रखने की व्यवस्था शामिल रहेगी।