30 नवंबर के बाद शिक्षा पर जोर दे स्कूल स्टाफ : विवेक शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा/नारी (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में आने वाले परीक्षा परिणाम में जो स्कूल प्रथम, दूसरे और तीसरे स्थान पर आएंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसलिए 30 नवंबर तक वार्षिक समारोह पूरा करने का लक्ष्य रखा है। उसके बाद स्कूल स्टाफ छात्रों की शिक्षा पर ज्यादा फोकस करें ताकि आने वाली परीक्षाओं में कुटलैहड़ विस क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के छात्र राज्य में प्रथम स्थान पर आकर टॉपर बनें। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चताड़ा एवं राजकीय उच्च स्कूल नारी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में शिक्षा क्षेत्र के मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए हम बचनवद्ध हैं। जिस स्कूल के लिए खेल मैदान बनाने की मांग आ रही है, उस स्कूल में 20 से 30 लाख की लागत से खेल स्टेडियम बनाने के लिए धन मुहैया करवा रहे हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके खूब वाहवाही लूटी। वहीं, चताड़ा स्कूल की मरम्मत के लिए दो लाख, रंग रोगन के लिए दो लाख, इंटरलॉक के लिए एक लाख, स्कूल सड़क निर्माण के लिए दो लाख और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए दोनों स्कूलों को 5100, 5100 रुपये व प्राथमिक के लिए 2100-2100 रुपये देने की घोषणा की।