ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में एक और हड्डी रोग विशेेषज्ञ नेे ज्वाइन कर लिया है। अब अस्पताल में हड्डी रोग के तीन विशेषज्ञ हो गए हैं। इससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। जिले में केवल क्षेत्रीय अस्पताल में ही हड्डी रोग विशेषज्ञ तैनात हैं। जिलेभर से हड्डी रोग से जुड़े मरीज उपचार के लिए यहां लाए जाते हैं। ऐसे में अस्पताल में एक और विशेषज्ञ की जरूरत महसूस की जा रही थी।
दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों को भी सबसे पहले हड्डी रोग विशेषज्ञ देखते हैं। इसके चलते अस्पताल में तैनात दो विशेषज्ञों पर काम का बोझ रहता था। नए हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती से अब न केवल दोनों डॉक्टर्स को काम के बोझ से राहत मिलेगी, बल्कि मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
बता दें कि कुछ माह पूर्व क्षेत्रीय अस्पताल से एक हड्डी रोग विशेषज्ञ सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद से यहां दो ही विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रहे थे। एक हड्डी रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर चले जाने के कारण मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। इसको देखते हुए लोगों की तरफ से एक और हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग उठाई जा रही थी। जरूरत को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने उच्च अधिकारियों को विशेषज्ञ की तैनाती के लिए लेटर लिखा। मांग पर विभाग ने नए हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती अस्पताल में कर दी है। नए हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत कोहली ने पदभार संभाल लिया है। इस तैनाती के बाद मरीजों और उनके तीमारदारों ने राहत की सांस ली है।
क्षेत्रीय अस्पताल में नए हड्डी रोग विशेषज्ञ ने कार्यभार संभाल लिया है। अस्पताल में अब हड्डी रोग के तीन विशेषज्ञ हो गए हैं। इससे ओपीडी और सर्जरी सुचारु रूप से होगी। इसका मरीजों को इससे लाभ होगा।
डॉ. रमन शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी क्षेत्रीय अस्पताल ऊना