ऊना। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को रायपुर हरियाणा से अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन आने वाली ट्रेन निर्धारित समय से दो घंटे से अधिक की देरी से ऊना पहुंची। वहीं, हरिद्वार से अंब अंदौरा के बीच चलने वाली ट्रेन भी देरी से पहुंची। इससे यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
रेलवे विभाग की जानकारी के अनुसार, रायपुर-हरियाणा से अंब-अंदौरा आने वाली ट्रेन के ऊना रेलवे स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 11:58 बजे है लेकिन वीरवार को यह दोपहर 2:07 बजे स्टेशन पहुंची। इस तरह ट्रेन करीब दो घंटे नौ मिनट की देरी से पहुंची।
इसी तरह हरिद्वार से अंब अंदौरा के बीच चलने वाली ट्रेन के ऊना रेलवे स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 12:30 बजे है। वीरवार को यह ट्रेन भी दोपहर 2:07 बजे पहुंची। ऐसे में यात्रियों को करीब एक घंटा 37 मिनट तक अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। वहीं, अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से वापसी के दौरान ऊना पहुंचने वाली ट्रेन भी देरी से चली। इस ट्रेन के ऊना रेलवे स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर दो बजे है लेकिन यह दोपहर बाद 4:45 बजे पहुंची। इससे ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।