ऊना। भरवाईं-होशियारपुर मार्ग पर बीते बुधवार को तेज रफ्तार कार का खाई में गिरने का वीडियो जमकर वायरल हुआ। हादसे को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए गए। किसी ने कार की तेज रफ्तार को जिम्मेदार ठहराया और किसी ने तीखे मोड़ पर रेलिंग के न होने को। हादसे से कुछ समय पहले मृतक युवक ने सोशल मीडिया अकाउंट पर भावुक होते हुए वीडियो भी पोस्ट किए थे, जिसे देख लोगों ने यहां तक अंदाजा लगाया कि युवक ने कहीं आत्महत्या न कर ली हो। तमाम आकलन के मध्य हादसे के वीडियो में शायद किसी ने गौर नहीं किया तो वह पहलू है, कार में हुआ धमाका। हादसे से ठीक पहले कार में एक धमाका होता है, जिससे कार की सनरूफ सहित कुछ अन्य पार्ट्स उखड़कर बीच सड़क पर गिरे। इस दौरान कार के एयरबैग भी खुले नजर आए और कार तेज रफ्तार में सीधे खाई में जा गिरी। करीब 200 मीटर नीचे खाई में गिरी कार ने आग पकड़ ली। उधर पुलिस प्रशासन ने धमाके की बात तो स्वीकारी लेकिन उसे गाड़ी के टायर फटने से जोड़ा जा रहा है। सवाल यह उठता है कि अगर गाड़ी का टायर फटा तो उससे एयरबैग क्यों खुले और गाड़ी में आग की लपटें दिखने का क्या कारण रहा।
पुलिस ने त्वरित जांच से सुलझाई दूसरे शव की पहेली
हादसे में पूरी तरह जल चुके दूसरे शव की पहेली को चिंतपूर्णी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सुलझा लिया। मृतका की पहचान मीनाक्षी पुत्री राज कुमार निवासी गांव गाहलियां जिला कांगड़ा के रूप में हुई। कार में युवती के होने का पता पुलिस को उस समय चला, जब रानीताल लंज चौकी में एक लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज पाई गई। इसके अलावा सीसीटीवी में भी वह कार में सवार पाई गई। बता दें कि बुधवार दोपहर बाद करीब 3:15 बजे भरवाईं के पास तेज रफ्तार कार खाई में गिर गई थी। हालांकि हादसे के कारण की पहेली अभी भी अनसुलझी है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि भरवाईं हादसे के कारणों में कई पहलू सामने आ रहे हैं। पुलिस ने मृतकों की पहचान करने के बाद जांच को हादसे के कारणों की ओर तेज किया है। कार टायर फटने से अनियंत्रित हुई या कोई अन्य कारण रहा, इसकी जांच जारी है।