पुलिस ने आधिकारिक तौर पर युवक की हत्या की पुष्टि की
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय के साथ लगते अपर अरनियाला के युवक को अगवा कर हत्या करने की पुष्टि रविवार को ऊना पुलिस ने की है। इस मामले में पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी राकेश सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया। आरोपी लड़की ही हरदीप को अपने साथ लेकर नंगल के समीप लेकर गई थी। उन्होंने बताया कि युवक से मारपीट करने के साथ उसे तेजधार हथियार से घायल किया। इसके बाद बेल्ट से गला घोंट कर युवक को मौत के घाट उतारा। सभी आरोपियों ने शव को नंगल नहर में फेंक दिया। उसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में पहले पुलिस हत्या होने की केवल आशंका जता रही थी। रविवार को पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी ऊना राकेश सिंह ने इस मामले में हत्या होने की आधिकारिक पुष्टि की है।
एसपी राकेश सिंह ने बताया कि रविवार को पुलिस गोताखोर की टीम के साथ नंगल नहर में शव की तलाश करती रही लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है। आरोपी लड़की ने यह भी कबूल किया कि उसे पता था कि इस मामले में पुलिस उन्हें एक दिन पकड़ ही लेगी। इसके बावजूद आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर इस हत्या को अंजाम दिया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया व एसएचओ ऊना गौरव भारद्वाज भी मौके पर मौजूद रहे।