गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट के तहत शिवबाड़ी अंबोटा स्थित श्री द्रोण महादेव मंदिर में 25 व 26 अप्रैल को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय शिवबाड़ी मेले के लिए मेला ग्राउंड में दुकानों व झूलों की खुली नीलामी 16 अप्रैल को होगी।
मंदिर प्रशासन ने इस संबंध में निविदा सूचना जारी कर इच्छुक ठेकेदारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
नीलामी प्रक्रिया 16 अप्रैल को दोपहर 3 बजे एसडीएम कार्यालय गगरेट में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) की अध्यक्षता में संपन्न होगी। प्रशासन के अनुसार मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए लगने वाली दुकानों और झूलों के लिए यह नीलामी आयोजित की जा रही है।
नीलामी में भाग लेने वाले इच्छुक बोलीदाताओं को चार लाख रुपये की बयाना राशि नकद या चेक के माध्यम से जमा करवानी होगी। मेला ग्राउंड में दुकानों व झूलों के लिए न्यूनतम बोली 20 लाख रुपये निर्धारित की गई है। सफल बोलीदाता को 25 प्रतिशत राशि मौके पर, 50 प्रतिशत राशि 20 अप्रैल तक और शेष 25 प्रतिशत राशि 25 अप्रैल को शाम पांच बजे तक जमा करवानी होगी। निर्धारित समय में राशि जमा न करवाने पर बयाना राशि जब्त कर ली जाएगी और नीलामी अगले पात्र बोलीदाता को दे दी जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक बोलीदाता के लिए जीएसटी नंबर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा झूलों की सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करना होगा और किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित संचालक की होगी। मेला मैदान में किए जाने वाले अस्थायी निर्माण प्रशासन द्वारा स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही होंगे।
साथ ही मेले के दौरान सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना भी ठेकेदार की जिम्मेदारी होगी। दुकानों के लिए बिजली की व्यवस्था मंदिर प्रशासन द्वारा की जाएगी, जिसका शुल्क अलग से निर्धारित किया जाएगा।
एसडीएम गगरेट ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर नियमों में संशोधन या नीलामी रद्द करने का अधिकार प्रशासन के पास सुरक्षित रहेगा।