बहनों ने जमकर की खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व इस बार 9 अगस्त को मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर से पहले नगर पंचायत दौलतपुर चौक के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। विशेष रूप से बहनों में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। वे अपने भाइयों के लिए राखियों और उपहारों की खरीदारी में जुटी हुई हैं। इस बार बाजार में चांदी से बनी आकर्षक और डिज़ाइनर राखियां लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। परंपरागत राखियों के साथ-साथ बच्चों के लिए कार्टून पात्रों वाली और लाइट युक्त राखियों की भी खूब मांग है। रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए दौलतपुर चौक की मिठाई, कपड़ा और ज्वेलरी की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। महिलाएं रंग-बिरंगी फैंसी साड़ियां, सूट और आभूषणों की खरीदारी में व्यस्त नजर आ रही हैं। मिठाई की दुकानों पर विभिन्न प्रकार की देशी मिठाइयों की बिक्री जोरों पर है। बाजार में राखियों की अस्थायी दुकानों के साथ-साथ स्थायी दुकानों पर भी ग्राहकों की निरंतर आवाजाही बनी हुई है। बाजार की चहल-पहल और रक्षाबंधन की खुशबू ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया है। उमड़ती भीड़ ने दुकानदारों के चेहरों पर भी मुस्कान बिखेर दी है।