संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल के वार्ड नंबर एक में फिर तेंदुए की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। तेंदुआ इस बार एक घर में घुस आया और वहां से दीवार फांदकर बाहर निकल गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर कैद हो गई है। इससे पहले भी तेंदुए की गतिविधियां सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई थीं, जिसके बाद वन्य जीव सुरक्षा विभाग ने इलाके में पिंजरा लगाया था। इसके बावजूद तेंदुआ अब तक पकड़ में नहीं आ पाया है, जिससे माधव नगर के निवासी खासे चिंतित हैं। स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार, जसवीर कौर, कर्ण सैनी और प्रवीण अंसारी ने बताया कि एक रात तेंदुए ने एक कुत्ते के बच्चे पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। इससे घबराकर तेंदुआ वहां से भाग निकला। लोगों का कहना है कि अब उन्हें रात के समय घर से बाहर निकलने में डर लगने लगा है। इस संबंध में वन्य जीव सुरक्षा विभाग के गार्ड जसवीर ने बताया कि वार्ड में पहले से ही पिंजरा लगाया गया है, लेकिन तेंदुआ अब भी पकड़ से बाहर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे रात के समय टॉर्च और लाठी लेकर ही घर से बाहर निकलें और सतर्क रहें।