चकसराय (ऊना)। दीपावली के पर्व को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार के जीएसटी विभाग ने व्यापारियों और अकाउंटेंट्स को बड़ी राहत दी है। विभाग ने सितंबर की जीएसटी 3बी रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर से बढ़ाकर अब 25 अक्तूबर कर दी है। इस निर्णय से प्रदेशभर के कारोबारियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने राहत की सांस ली है। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न व्यापारिक संगठनों और अकाउंटेंट्स ने केंद्र सरकार व जीएसटी विभाग के इस फैसले का तहे दिल से स्वागत किया है। उनका कहना है कि दीपावली का पर्व भारत वर्ष का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण त्योहार है, ऐसे में कारोबारियों पर त्योहार की तैयारियों और बिक्री के कारण कार्यभार अधिक रहता है। अकाउंटेंट्स एसोसिएशन के सदस्यों में गुरमुख सिंह, राकेश कुमार, सुनील कुमार और व्यापार मंडल बड़ूही के प्रधान अश्वनी कुमार (रिंकी) ने कि जीएसटी पोर्टल पर अक्सर त्योहारों के दौरान अधिक लोड के कारण समस्याएं आती हैं, इसलिए अवधि बढ़ाने का यह निर्णय सराहनीय है। उन्होंने केंद्र सरकार से आगे भी इसी तरह व्यापारियों के हित में समय-समय पर राहत देने की अपील की है।