अंब(ऊना)। नगर पंचायत अंब में आने वाले समय में बरसाती पानी का कहर लोगों को नहीं सताएगा। इस समस्या का पुख्ता हल करने के लिए नगर पंचायत ने कदमताल शुरू कर दी है। नगर पंचायत ने पानी की समुचित निकासी के लिए योजना बना कर उसे डायरेक्टर यूआरडी से अप्रूव करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है।
दरअसल मानसून सीजन में हुई भारी बारिश के बाद लोगों के घरों, कानों में पानी घुसने की समस्या को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष इंदू धीमान ने एक विशेष बैठक बुलाई। बैठक में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष उपदेश कुमार, पार्षद कुलदीप सिंह, अनसूया रानी, अंजलि सूद, अर्चना कुमारी, नरेश कुमारी, अशोक कुमार, मेला राम व मनोनीत सदस्य सतीश कुमार गोस्वामी ने हिस्सा लिया। बैठक में बरसाती पानी की समस्या को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और इसके पुख्ता हल के लिए योजना बनाने का प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव को सभी पार्षदों ने ध्वनि मत से पास कर दिया। हालांकि मौजूदा मानसून सूजन शुरू होने से पूर्व ही नगर पंचायत ने सतर्कता दिखाई थी। खड्ड व नालों की सफाई कराकर पानी की निकासी को पुख्ता कर दिया था। इसके साथ-साथ एनएच अथॉरिटीज को एक लेटर लिखकर उनके अधिकार के क्षेत्र में आने वाले नालों को साफ करने की भी मांग रखी थी। अब नगर पंचायत लोगों को होने वाले थोड़े नुकसान से भी छुटकारा दिलाना चाहती है। यही कारण है कि अध्यक्ष द्वारा की गई इस बैठक में सभी पार्षदों ने ध्वनि मत से प्रस्ताव को पारित कर दिया और साथ ही साथ नगर पंचायत के टेक्निकल स्टाफ को इसके लिए योजना बनाने के जरूरी निर्देश भी दिए।