जांच में तेजी लाने के लिए होगी विशेष टीम गठित : अमित
अस्पतालों और निजी क्लीनिकों से भी मांगी जानकारी : रोहित
धुंधला गांव में तालाब से बरामद किया था नवजात का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत अपर धुंधला गांव में तालाब से बरामद नवजात का टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को विधिपूर्वक अंतिम संस्कार किया। इस दौरान एसडीएम बंगाणा अमित कुमार, थाना प्रभारी रोहित चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यकारी एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि जांच में तेजी लाने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने कहा कि अस्पतालों और निजी क्लीनिकों से भी इस संबंध में जानकारी मांगी है। यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि मानवता के खिलाफ अपराध है। पुलिस इस मामले को सुलझाने और दोषी को सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। अमित कुमार ने बताया कि छह दिन पूर्व अप्पर धुंधला गांव के तालाब में स्थानीय लोगों ने नवजात शिशु का शव देखा। इसकी सूचना तुरंत थाना बंगाणा को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया कि शिशु के गले में पत्थर बंधा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। नवजात का शव पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट स्पष्ट करेगी कि शिशु को जीवित फेंका गया था या उसकी हत्या कर शव को पानी में डाला गया। इसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है। साथ ही, आसपास के गांवों से जानकारी जुटाई जा रही है कि कहीं किसी महिला की डिलीवरी हुई हो और बच्चा लापता हो गया हो। अस्पतालों और निजी क्लीनिकों से भी इस संबंध में जानकारी मांगी गई है।