बूसल के जंगल में पकड़ी गई लकड़ी के मोछे के मामले में कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की रामगढ़ रेंज के ब्लॉक थाना कलां की बीट मंदली के बुढार के बुसल में पिछले दो दिन पहले पकड़े गए युवकों पर वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 1,34,000 रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य में दोबारा ऐसा करने से बचने की चेतावनी दी।
रामगढ़ रेंज अधिकारी संदीप ठाकुर ने बताया कि सरकारी जंगल में काटे गए खैर के पेड़ों की लकड़ी वन विभाग ने अपने कब्जे में ले ली है। क्षेत्र के तीन लोग, जो वन संपदा को नुकसान पहुंचाने में संलिप्त पाए गए, उन्हें सुधरने का मौका दिया गया है। रेंज अधिकारी ने चेताया कि ऐसे कार्य में दोबारा पाए जाने पर वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वन संपदा को सुरक्षित रखने के लिए वन विभाग की टीमें दिन-रात पहरा दे रही हैं। हालांकि कुछ बीटों में कर्मचारियों की कमी महसूस हो रही है, इसके बावजूद टीम सदस्य वन संपदा की सुरक्षा में सहयोग कर रहे हैं। वन विभाग के डीएफओ सुशील राणा ने बताया कि खैर कटान की सारी लकड़ी अपने कब्जे में लेने के साथ तीन लोगों पर 1,34,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से भी ऐसे मामलों में सहयोग करने की अपील की है।